शनिवार, 13 अप्रैल 2013

टैबलेट में हिन्‍दी गुगल इंस्‍टालेशन




टैबलेट में हिन्‍दी गुगल इंस्‍टालेशन

सूचना प्रौद्योगिकी के विकास के साथ ही बाजार में दिन प्रतिदिन नए-नए इलेक्‍ट्रॉनिक गैजेट आ रहे हैं इनमें सर्वाधिक प्रचलित हैं टैबलेट्स तथा स्‍मार्ट फोन । इस अंक में टैबलेट्स में गुगल हिन्‍दी एप्पलिकेशन इंस्‍टॉल करने संबंधी जानकारी प्रस्‍तुत है।

सर्वप्रथम टैबलेट को इंटरनेट से कनेक्‍ट करें तथा वेबब्राउजर ओपन कर  गुगल प्ले स्टोर में जाकरGoogle Hindi Input सर्च करें या 
https://play.google.com/store/apps/details?id=com.google.android.apps.inputmethod.hindi लिंक क्लिक कर G.H.I.apk फाइल डाउनलोड कर लें। यदि कतिपय कारणों से आप पूर्वोक्‍त साइट से G.H.I.apk फाइल डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं तो इसे http://www.mediafire.com/?dfz243nwxibemzf लिंक से क्लिक कर डाउनलोड करें। यह एप्‍पलिकेशन मात्र 5.85  एम.बी.साइज का है।

डाउनलोड फोल्‍डर या उस फोल्‍डर विशेष को ओपन करें जहॉं आपने G.H.I.apk को सेव किया है । अब G.H.I.apk फाइल को रन कर दें। ऐसा करते ही G.H.I.apk रन करने संबंधी सूचना प्रदर्शित होगी। अगले क्रम में क्रमश: ओ.के., इंस्‍टॉल बटन को टच करते हुए ‘डन’ बटन को टच करें ।

टैबलेट के सिस्‍टम सेंटिंग को टच कर सक्रिय करें। ऐसा करते ही सेटिंग मेन्‍यू ओपन हो जाएगा जिसमें वाई फाई, डेटा यूसेज, साउन्‍ड, डिस्‍पले, स्‍टोरेज आदि बहुत सारे फिचर प्रदर्शित होंगे। इन्‍हें स्‍क्राल करते हुए लैंग्‍वेज एण्‍ड इनपूट को टच करते हुए सक्रिय करें।

उपरोक्‍त क्रिया के निष्‍पादन के साथ ही समानांतर विंडों में क्रमश: लैंग्‍वेज, स्‍पेलिंग करेक्‍शन,पर्सनल डिक्‍शनरी व की-बोर्ड एण्‍ड इनपूट मेथड़ ऑप्‍शन दिखाई देगा।  

इन विकल्‍पों में से की-बोर्ड एण्‍ड इनपूट मेथड़ ऑप्‍शन को टच कर एक्टिवेट कर लें। ऐसे होते ही‘’सिलेक्‍ट इनपूट मेंथड़’’ नामक नया विंडों ओपन हो जाएगा जिसमें विद्यमान इंग्लिश एंड्रायड की-बोर्ड तथा हिन्‍दी ट्रॉन्‍स्‍लिट्रेशन – गुगल हिन्‍दी इनपूट की-बोर्ड संबंधी विकल्‍प प्रदर्शित हो जाएगा। इनमें से हिन्‍दी ट्रॉन्‍स्‍लिट्रेशन – गुगल हिन्‍दी इनपूट की-बोर्ड को टच करते हुए डिफाल्‍ट की-बोर्ड के रूप में सेट करें। ऐसा करने पर हिन्‍दी ट्रॉन्‍स्‍लिट्रेशन – गुगल हिन्‍दी इनपूट की-बोर्ड के सम्‍मुख बना रेडियो बटन हाईलाइट हो जाएगा तथा आपके टैबलेट में गुगल हिन्‍दी इनपूट संस्‍थापित हो जाएगा । इस इनपूट विधि से आप टैबलेट में विद्यमान वर्ड, स्‍प्रेडशीट, प्रेजेंटेशन, मेसेज, नोटपैड तथा इन्टरनेट ब्राउजर पर सहजता के साथ हिन्‍दी में टंकण कर सकेंगे।



हिन्‍दी की-बोर्ड :-
किसी भी टैक्‍स्‍ट एडिटिंग प्रोग्राम को ओपन करें तथा लिखने के लिए टैक्‍स्‍ट एरिया में अपनी उंगलियॉं टच करें। ऐसा करते ही वर्चुअल की-बोर्ड स्‍क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा। प्रथमत: यह की-बोर्ड अंग्रेजी में प्रदर्शित होगा। हिन्‍दी में लिखने के लिए प्रदर्शित की-बोर्ड के स्‍पेसबार की बॉंयी ओर मौजूद ’’टोगल-की’’ को टच करें। प्रतिक्रियास्‍वरूप वर्चुअल हिन्‍दी की-बोर्ड प्रस्‍तुत हो जाएगा।

हिन्‍दी में टंकण विधि :-
टैबलेट में हिन्‍दी टाइप करना बहुत आसान है। हिन्‍दी वर्चुअल की-बोर्ड की प्रथम दो पंक्तियों में व्‍यंजन तथा तृतीय पंक्ति में स्‍वर टाइप करने की व्‍यवस्‍था है। उल्‍लेखनीय है इस कि-बोर्ड पर एक बार में केवल 20 व्‍यंजन तथा 7 स्‍वर प्रदर्शित करने की व्‍यवस्‍था है। अत : शेष व्‍यंजन एवं स्‍वर देखने अथवा टाइप करने हेतु "1/2" की दिया गया है जिसे टच कर शेष व्‍यंजनों तथा स्‍वरों का टाइप किया जा सकता है। इसके अतिरिक्‍त हिन्‍दी में अंक, प्रतिशत, हैश, रूपये, जोड़, घटाव, कोष्‍ठक, प्रश्‍नचिह्न तथा गुणा संबंधी प्रतीक चिह्नों के टंकण हेतु विशेष ‘की’ भी इस की-बोर्ड में है।

पुन: अंग्रेजी की-बोर्ड सक्रिय करना:
"टोगल-की" को टच कर पुन: अंग्रेजी की-बोर्ड का सक्रिय किया जा सकता है।

सोमवार, 8 अप्रैल 2013

रश्मिरथी / द्वितीय सर्ग / भाग 4 ...... दिनकर


खड्‌ग बड़ा उद्धत होता है, उद्धत होते हैं राजे,
इसीलिए तो सदा बनाते रहते वे रण के बाजे।
और करे ज्ञानी ब्राह्मण क्या? असि-विहीन मन डरता है,
राजा देता मान, भूप का वह भी आदर करता है।

'सुनता कौन यहाँ ब्राह्मण की, करते सब अपने मन की,
डुबो रही शोणित में भू को भूपों की लिप्सा रण की।
औ' रण भी किसलिए? नहीं जग से दुख-दैन्य भगाने को,
परशोषक, पथ-भ्रान्त मनुज को नहीं धर्म पर लाने को।

'रण केवल इसलिए कि राजे और सुखी हों, मानी हों,
और प्रजाएँ मिलें उन्हें, वे और अधिक अभिमानी हों।
रण केवल इसलिए कि वे कल्पित अभाव से छूट सकें,
बढ़े राज्य की सीमा, जिससे अधिक जनों को लूट सकें।

'रण केवल इसलिए कि सत्ता बढ़े, नहीं पत्ता डोले,
भूपों के विपरीत न कोई, कहीं, कभी, कुछ भी बोले।
ज्यों-ज्यों मिलती विजय, अहं नरपति का बढ़ता जाता है,
और जोर से वह समाज के सिर पर चढ़ता जाता है।

'अब तो है यह दशा कि जो कुछ है, वह राजा का बल है,
ब्राह्मण खड़ा सामने केवल लिए शंख-गंगाजल है।
कहाँ तेज ब्राह्मण में, अविवेकी राजा को रोक सके,
धरे कुपथ पर जभी पाँव वह, तत्क्षण उसको टोक सके।

'और कहे भी तो ब्राह्मण की बात कौन सुन पाता है?
यहाँ रोज राजा ब्राह्मण को अपमानित करवाता है।
चलती नहीं यहाँ पंडित की, चलती नहीं तपस्वी की,
जय पुकारती प्रजा रात-दिन राजा जयी यशस्वी की!

क्रमश: