कविता / गोपाल सिंह नेपाली लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कविता / गोपाल सिंह नेपाली लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 24 सितंबर 2012

गरीब का सलाम ले / गोपाल सिंह नेपाली


जन्म - 11 अगस्त 1911 
निधन - 17 अप्रेल 1963 

कर्णधार तू बना तो हाथ में लगाम ले 
क्राँति को सफल बना नसीब का न नाम ले 
भेद सर उठा रहा मनुष्य को मिटा रहा 
गिर रहा समाज आज बाजुओं में थाम ले 
त्याग का न दाम ले 
दे बदल नसीब तो ग़रीब का सलाम ले 

यह स्वतन्त्रता नहीं कि एक तो अमीर हो 
दूसरा मनुष्य तो रहे मगर फकीर हो 
न्याय हो तो आर-पार एक ही लकीर हो 
वर्ग की तनातनी न मानती है चाँदनी 
चाँदनी लिए चला तो घूम हर मुकाम ले 
त्याग का न दाम ले 
दे बदल नसीब तो ग़रीब का सलाम ले ।