उर में पावस दृग में विहान!
आदरणीय पाठक वृन्द को अनामिका का नमस्कार. आज आप सब के सहयोग से हम महादेवी जी की इस श्रृंखला के अंतिम पड़ाव पर आ चुके हैं और अब इस सिन्धु में अंतिम गोता लगाते हुए अंतिम छिपे माणिकों को दृष्टि गोचर करते हैं ....
उत्कृष्ट मौलिक सृजन के साथ इन्होने अनुवाद का भी बहुत बड़ा कार्य किया है. काव्यमयी वैदिक ऋचाओं से लेकर वाल्मीकि, थेरगाथा, अश्वघोष, कालिदास, भवभूति एवं जयदेव सदृश उद्दात-सरस काव्य विभूतियों का काव्यमय हिंदी रूपांतर 'सप्तपर्णा' में प्रकाशित हुआ है, परन्तु अभी तक अनुवाद का अधिकांश अप्रकाशित ही है. कालिदास के महाकाव्य 'कुमार संभव' तथा 'रघुवंश' और अश्वघोष के महाकाव्य 'बुद्धचरित' का सम्पूर्ण अनुवाद भी इन्होने काव्यमय रूप में ही किया है. अनुवाद में मूलकवि की अनुभूतियों और संवेदनाओं के साथ महादेवीजी का सहज तादाम्य पाया जाता है. एक नहीं, अनेक कवियों के साथ तादाम्य की यह क्षमता जिस व्यापक विरत प्रतिभा की अपेक्षा रखती है, वह इन्हें प्राप्त है. इन्होने स्वीकार किया है कि अनुवाद मूल आत्मा का नवीन अवतरण है, अस्तु उसकी सार्थकता आत्मा के न बदलने और शरीर के नवीन रहने पर ही चरितार्थ होती है. इनके अनुवाद में भाषा की ध्वनि, संकेत, प्रतीक और अभिव्यंजना की प्रणाली में चाहे जो भी अंतर हो, कवि की मूल भावना को यथावत अक्षुशण्ण रखने में वे सर्वथा सफल हैं.
प्रायः अर्द्धशती की अवधि में महादेवीजी ने एकनिष्ठ होकर अबाध गति से अपने भावमय सृजन और कर्ममय जीवन की साधना में साथ साथ संलग्न रहकर अपनी इस घोषणा को सार्थक बनाया है -
'कला के पारस का स्पर्श पा लेनेवाले का कलाकार के अतिरिक्त कोई नाम नहीं, साधक के अतिरिक्त कोई वर्ग नहीं, सत्य के अतिरिक्त कोई पूँजी नहीं, भाव-सौन्दर्य के अतिरिक्त कोई व्यापार नहीं और कल्याण के अतिरिक्त कोई लाभ नहीं !'
संतोष के साथ उन्होंने यह भी कहा है -
'जीवन के तुतले उपक्रम से लेकर अब तक मेरा मन अपने प्रति विश्वासी ही रहा है. मार्ग चाहे जितना अस्पष्ट रहा, दिशा चाहे जितनी कुहराच्छ्न्न रही, परन्तु भटकने, दिग्भ्रांत होने और चली राह में पग पग गिन कर पश्चाताप करते हुए लौटने का अभिशाप मुझे नहीं मिला है. मेरी दिशा एक और मेरा पथ एक रहा है, केवल इतना ही नहीं, वे प्रशस्त से प्रशस्ततर और स्वच्छ से स्वच्छतर होते गए हैं !'
यह इनके अखंड और सुगठित व्यक्तित्व का ही प्रमाण है - 'कथनी, करनी और रहनी की यह एकता जो रचना, विचार और जीवन के रूप में अविरोधी जन पड़े, कोई सामान्य विशेषता नहीं है. महादेवी जी के लेखन की सच्चाई और स्थायित्व के विषय में हमें निश्शंक होना चाहिए !'
साहित्यिकों और सहित्यिक संस्थानों ने, समाज और सरकार ने - सम्पूर्ण राष्ट्र ने इनकी विजय यात्रा की उपलब्धियों की महत्ता को स्वीकार करते हुए इन्हें सम्मानित और अभिनंदित किया है, यह किसीसे छिपा नहीं.
अस्तु, 'रजकणों में खेलती विराज विधु की चांदनी' महादेवीजी का व्यक्तित्व समात्मभाव की साधना से जितना सरल, मधुर, करूण और कोमल है, उनका कृतित्व उतना ही उद्दात, व्यापक, विरत एवं महान है. हिमालय को संबोधित करते हुए इन्होने जैसे अपने व्यक्तित्व और कृतित्व का अनायास ही उदघाटन कर दिया है -
हे चिर महान !
मेरे जीवन का आज मूक तेरी छाया से हो मिलाप,
तन तेरी साधकता छू ले मन ले करुणा के थाह नाप ;
उर में पावस दृग में विहान !
वास्तव में महादेवी के व्यक्तित्व और कृतित्व से तुलना करने के लिए हिमालय ही सबसे अधिक उपयुक्त है. वही उन्नत और दिव्य रूप, वही विरत तथा विशाल प्रसार, वही अमल-धवल एवं अटल-अचल धीरता-गंभीरता, वही पर-दुःख कातरता, करुणा तथा स्नेहसिक्त तरलता और सबसे बढ़कर वही सर्व सुखद शुभ्र-मुक्तहास - यही तो महादेवी हैं.
हमें उनका यह सन्देश स्मरण रखना चाहिए - ' इस युग का कवि हृदयवादी हो या बुद्धिवादी, स्वप्नदृष्टा हो या यथार्थ का चित्रकार, अध्यात्म से बंधा हो या भौतिकता का अनुगत, उसके निकट यही एक मार्ग शेष है कि वह अध्ययन से मिले जीवन कि चित्रशाला से बाहर आकर, जड़ सिद्धांतों का पाथेय छोड़कर अपनी सम्पूर्ण संवेदना शक्ति के साथ जीवन में घुल-मिल जाए. उसकी केवल व्यक्तिगत सुविधा-असुविधा आज गौण है, उसकी केवल व्यक्तिगत हार-जीत आज महत्त्व नहीं रखती, क्योंकि उसके सारे व्यष्टि-गत सत्य की आज समष्टिगत परीक्षा है. उसे स्वप्नदृष्टा भी होना है, जीवन के निम्न स्तर तक मानसिक खाद्य भी पहुंचाना है, तृषित मानवता को संवेदना का जल भी देना है और सबके अज्ञान का भार भी सहना है.
सारांश यह है कि आज के कवि को अपने लिए अनागरिक होकर भी संसार के लिए गृही, अपने प्रति वीतराग होकर भी सबके प्रति अनुरागी, अपने लिए संन्यासी होकर भी सबके लिए कर्मयोगी होना होगा, क्योंकि आज उसे अपने को खोकर पाना है.
अस्तु...
जयन्ति ते सुकृतिन : रससिद्धा : कवीश्वराह !
नास्ति येषां यशः काये ज़रामरणजं भयं !!
इति ..
अनामिका