कम्प्यूटर तकनीक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कम्प्यूटर तकनीक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 11 नवंबर 2011

माई डाक्यूमेंट्स नहीं …मेरे दस्तावेज़ कहिए जनाब!



अगर आप हिन्दी में कम्प्यूटर पर सब कुछ देखना चाहते हैं

कम्प्यूटर पर नोटपैड, वर्डपैड, मीडिया प्लेयर सहित सारी चीजें, स्टार्ट और कंट्रोल पैनल तक, लाग आन से लेकर शट डाउन तक, सब कुछ हिन्दी में देखना आसान है।
विंडोज एक्सपी या विंडोज 7 संचालन तंत्र का उपयोग करने वाले लोगों के लिए अच्छी सुविधा कई सालों से मौजूद है। इसके बावजूद हमारे देश में हिन्दी वाले लोग अंग्रेजी के इंटरफ़ेस (इसके लिए सही शब्द हिन्दी में नहीं सूझ रहा) से ही अपना सारा काम करते हैं। हिन्दी में हम नोटपैड, वर्डपैड, माइक्रोसाफ्ट वर्ड से लेकर मेन्यू, विंडोज़ मीडिया प्लेयर तक सारे काम कर सकते हैं। फिर हम क्यों अंग्रेजी में ये सारा काम करते हैं? कारण दो ही हैं, पहला कि जानकारी नहीं है या फिर दूसरा कारण यह है कि आप चाहते नहीं हैं। जो लोग किसी कीमत पर हिन्दी में सब कुछ नहीं करना चाहते, उनके लिए यह लेख शायद नहीं है। लेकिन जो लोग चाहते हैं कि उनके कम्प्यूटर पर अंग्रेजी की बजाय हिन्दी का राज चले, उनके लिए हम माइक्रोसाफ्ट के संचालन तंत्रों के हिन्दी इंटरफ़ेस की जानकारी लेकर हाजिर हैं।
      हिन्दी में लगभग वे सारे काम कम्प्यूटर पर सम्भव हैं, जिनकी हमें रोज जरूरत पड़ती है। इंटरनेट ब्राउजर के लिए इंटरनेट एक्सप्लोरर, मोजिला फ़ायफ़ाक्स या फिर गूगल क्रोम हिन्दी में हैं ही। गाना सुनने के लिए विंडोज़ मीडिया प्लेयर भी हिन्दी में मौजूद है, देखिए, कैसा लगता है हिन्दी में यह-



यहाँ मेन्यू भी हिन्दी में है। आप गानों के नाम या फ़ाइलों के नाम भी हिन्दी में लिख सकते हैं। फिर पूरी तरह अपनी भाषा के गानों का आनन्द हिन्दी आवाज, हिन्दी साफ्टवेयर के साथ उठा सकते हैं।
स्टार्ट पर क्लिक करने का काम बन्द करके प्रारंभ पर क्लिक करना शुरू कर सकते हैं, जैसा कि आप ऊपर सबसे नीचे बाईं तरफ़ देख रहे हैं।
 माई कम्प्यूटर या माई डाक्यूमेंट्स कहने की अब आवश्यकता नहीं रही, सो आप मेरा कम्प्यूटर या मेरे दस्तावेज़ कह सकते हैं, देख सकते हैं।
यहाँ आप हिन्दी में प्रारंभ मेन्यू देख रहे हैं।
इसी क्रम में आप मेरा कम्प्यूटर के विंडो को जिसे संस्कृत में चित्रायण कहा गया है, देख सकते हैं। दो-चार स्तरों तक के मेन्यू या अन्य विकल्पों को तो हिन्दी में रखा गया है, लेकिन बहुत आगे जाने पर फिर अंग्रेजी से सामना हो जाता है। लेकिन सामान्य किसी भी काम के लिए जितना कुछ हिन्दी में है, वह पर्याप्त है।

विंडोज़ 7 के लिए माइक्रोसाफ्ट ने हिन्दी अनुवाद के लिए लोगों से सुझाव माँगे थे, वहाँ भी मैंने अपना थोड़ा-सा योगदान दिया था। जैसे गाना सुनते समय अक्सर प्ले लिखा रहता है। इसके लिए सही हिन्दी बजाएँ होना चाहिए, न कि चलाएँ, लेकिन माइक्रोसाफ्ट वालों ने कुछ गड़बड़ियाँ की हैं। फिर भी हिन्दी में सामान्य सभी काम करने के लिए क्या करना होगा, उसकी जानकारी दी जा रही है। यह बिलकुल आसान है, देखते-देखते आप इसे कर सकते हैं।
      शर्त यह है कि आपका संचालन तंत्र वैध होना चाहिए। अगर वैध नहीं है यानी आपने विंडोज़ संचालन तंत्र खरीदा नहीं है तब आपको कुछ जुगाड़ और अवैध तरीके अपनाने होंगे। हालाँकि हम उसकी जानकारी भी देंगे। आप अपनी जिम्मेदारी पर संचालन तंत्र को वैध बनाने का काम मुफ़्त में कर सकते हैं। वैसे भी तकनीक के क्षेत्र में यह सब हमेशा होता रहता है। वैध बनाने का काम तो आप कर लेंगे और हमारे खयाल से इसकी उम्मीद भी एक प्रतिशत ही है कि आपको कुछ नुकसान उठाना पड़ सकता है, वरना आप जेब खाली कर के वैध संचालन तंत्र की व्यवस्था करें।
     
अगर आपके पास वैध संचालन तंत्र है:

विंडोज़ एक्सपी के लिए यहाँ या यहाँ जा सकते हैं। फिर आप छह एमबी से अधिक आकार की एक फ़ाइल डाउनलोड करेंगे, उसे स्थापित करेंगे और सामने हिन्दी शुरू…

विंडोज़ 7 के लिए यहाँ और विंडोज़ विस्टा के लिए यहाँ जाकर आप हिन्दी इंटरफ़ेस पैक के लिए दी गई फ़ाइल को डाउनलोड करें। और उसे स्थापित(इंस्टाल) कर लें।
     
अगर आपके पास वैध संचालन तंत्र (सिर्फ़ एक्सपी के लिए) नहीं है तब यहाँ जाएँ। और जो फ़ाइल मिलेगी उसे खोलें। अगर सब कुछ ठीक रहा तो हाँ यानी येसका विकल्प चुन लें। फिर आप यहाँ जाकर फ़ाइल डाउनलोड करें और स्थापित कर लें।

      चलते-चलते माई कम्प्यूटर का बदला रूप मेरा कम्प्यूटर का विंडो …

आपसे निवेदन है कि यथासम्भव फ़ाइलों के नाम भी हिन्दी में रखना शुरू कर दें। अगर पहले से आप फ़ाइलों के नाम हिन्दी में रख रहे हैं, तब इस बात को और अधिक लोगों तक पहुँचाएँ। अगर इस काम में कोई तकनीकी समस्या आती है तब मुझसे chandan-mishra@in.com  पर सम्पर्क कर सकते हैं। 

शुक्रवार, 4 नवंबर 2011

वाचक…मतलब बोलेगी मशीन और सुनेंगे आप और वह भी अपनी भाषा हिन्दी में

राजभाषा पर मेरा यह पहला लेख है। साहित्य-जगत से तो हमेशा पढ़ने-जानने को यहाँ मिलता ही रहता है। इसलिए सोचा कि बहुत सी काम की बातें जो हिन्दी से मतलब रखती हैं, उन्हें बाँटने की कोशिश की जाय। आज शुरूआत कम्प्यूटर तकनीक से ही करता हूँ। ऐसे विषय पर पहली बार लिखने की कोशिश की है। कमियाँ हों तो बताने की और माफ करने की कृपा करेंगे।



वाचकमतलब बोलेगी मशीन और सुनेंगे आप और वह भी अपनी भाषा हिन्दी में

विंडोज एक्सपी संचालन तंत्र (आपरेटिंग सिस्टम) का अगर आप उपयोग करते हैं तब आपके लिए एक अच्छी सुविधा मौजूद है। सम्भव है आप पहले से इससे परिचित भी हों। यहाँ हम वाचक नामक सहयुक्ति (प्लग-इन) के बारे में बात कर रहे हैं। वाचक विंडोज आधारित सहयुक्ति है जिसकी सहायता से हम हिन्दी में या नागरी लिपि में लिखे किसी पाठ को अपने कम्प्यूटर द्वारा बोलवाकर या पढ़वाकर सुन सकते हैं। यूनिकोड में लिखे पाठ के साथ ही अन्य बहुत से फांटों में लिखे पाठ को भी वाचक के द्वारा पढ़ा जा सकता है।
      कम्प्यूटर में अंग्रेजी के लिए पाठ से वाक यानी टेक्स्ट टू स्पीच आसानी से उपलब्ध है और इसका इस्तेमाल किया जा सकता है लेकिन उसमें जिस आवाज को हम सुनते हैं, वह अमेरिकी टोन के साथ है। जबकि वाचक स्पष्ट शब्दों में हिन्दी, मराठी, भोजपुरी, मैथिली (कहीं-कहीं नहीं भी क्योंकि इस भाषा में साठि को साइठ कहते हैं), मगही, छत्तीसगढ़ी, ब्रज आदि उन सभी भाषाओं में लिखे को पढ़कर सुनाने में समर्थ है जिनकी लिपि नागरी है। इसके लिए माइक्रोसाफ्ट वर्ड, पावरप्वाइंट या एक्सेल आदि की सहायता ली जा सकती है।
      यहाँ यह मानकर चला जा रहा है कि आप सबके पास कम-से-कम एक्सपी और माइक्रोसाफ्ट वर्ड जैसी सुविधा मौजूद है। यहाँ विशेष ध्यान माइक्रोसाफ्ट वर्ड पर ही दिया गया है क्योंकि हममें से अधिकतर लोग लिखने का काम इसी में करते हैं। वाचक द्वारा जब हम थोड़े बड़े पाठ को पढ़वाते हैं तब एक और अच्छी बात होती है। वह यह कि पाठ की रिकार्ड ऑडियो फाइल आपके दस्तावेज में यानी माई डाक्यूमेंट्स में जाकर सुरक्षित हो जाती है।
      अब हम माइक्रोसाफ्ट वर्ड में वाचक का सचित्र उदाहरण यहाँ प्रस्तुत करते हैं, फिर इस सहयुक्ति के डाउनलोड की कड़ी भी बताते हैं।
            इस सहयुक्ति को डाउनलोड करने के बाद, और इसे स्थापित कर लेने पर वर्ड खोलते ही आप वाचक टूल बार को पाएंगे। 
 और अगर इस टूलबार को देखने में कोई परेशानी हो तब व्यू मेन्यू के अन्दर टूलबार्स में वाचक को चुनकर आप इसे देख सकते हैं। अब जिस फांट में आपका पाठ हो, उस फांट को आप चुन सकते हैं। अगर आप यूनिकोड या मंगल फांट में लिख रहे हों या आपके द्वारा खोला गया दस्तावेज यूनिकोड या मंगल फांट में हो, तब आप फांट की सूची से (ड्राप डाउन मेन्यू से) मंगल फांट चुन सकते हैं। प्ले पर क्लिक करने के पहले आप आप पाठ को चुन लें (सेलेक्ट कर लें)। अब आप फांट चुन चुके हैं, पाठ सेलेक्ट कर चुके हैं। प्ले के बगल में आप एक संख्या देख रहे हैं, जो पढ़ने की गति है। मेरी समझ में यह 150 रखें, तो ठीक होगा। यह आप सुविधानुसार घटा बढ़ा सकते हैं।

      अब आप पाठ को पढ़वाकर सुनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बस प्ले पर क्लिक करें और महिला की मशीनी आवाज में पाठ सुन लें। ध्यान रहे कि मशीनी आवाज मशीनी ही होती है। उसके साथ मानवी आवाज की अपेक्षा करना ठीक नहीं। 















      वाचक के बारे में अधिक जानने-समझने के लिए यहाँ जाएँ। वाचक को यहाँ से डाउनलोड किया जा सकता है। डाउनलोड करने के बाद जिप फाइल को अनजिप या एक्स्ट्रैक्ट करने पर मिले सेट अप को डबल क्लिक करें। वाचक स्थापित होने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
      पाठ से वाक के कुछ अन्य विकल्प भी मौजूद हैं लेकिन उनका डेमो संस्करण ही उपलब्ध है या फिर वे बहुत कम क्षमता वाले हैं यानी कुछ वाक्यों से अधिक पढ़कर सुनाने में अक्षम हैं। वाचक में कुछ समस्याएँ तो हैं लेकिन इससे आसानी से काम जरूर चलाया जा सकता है।

     200 की गति से बनी यह फ़ाइल आपको वाचक द्वारा इसी लेख के लगभग 600 शब्दों को पढ़कर सुनाती है।
       अगली बार किसी और साफ्टवेयर की बात…हाँ सिर्फ़ उन्हीं के बारे में जो मुफ़्त हैं…