नवजागरण काल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नवजागरण काल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 10 फ़रवरी 2011

नवजागरण काव्य और भारतेन्दु हरिश्चन्द्र

नवजागरण काव्य और भारतेन्दु हरिश्चन्द्र

मनोज कुमार

आधुनिक हिन्दी कविता का प्रारंभ उन्नीसवीं सदी में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र से माना जाता है। इस समय अंग्रेज़ मिशनरियां भारत में अपने पैर जमा रही थीं। ईस्ट इंडिया कम्पनी धीरे-धीरे व्यापारिक मकसद से अपना राज स्थापित कर रही थी। वे राजाओं को आपस में लड़वा रहे थे और जनता का शोषण कर यहां का धन अपने देश ले जा रहे थे। इस शोषण और लूट-पाट के कारण देश की जनता ग़रीबी की मार झेल रही थी। स्वाधीनता संग्राम के रूप में सन्‌ 1857 में अंग्रेज़ों की इस साजिश के प्रति विस्फोट हुआ। यह सुनियोजित न होने के कारण विफल रहा। किन्तु जो सबसे बड़ी बात थी, वह यह कि इसमें सभी वर्गों, सम्प्रदायों, भाषा-भाषियों ने एक साथ भाग लिया। इसकी विफलता के बाद देश की बागडोर ईस्ट इंडिया कम्पनी के हाथ से निकल कर ब्रिटिश संसद के हाथ में आ गई, जिसकी मुखिया महारानी विक्टोरिया थी।

इस आधुनिक युग में कविता के स्वरूप में भी व्यापक परिवर्तन आया। रीतिकालीन कविता के विपरीत इस युग की कविता विषय, रूप, भाव, भाषा के स्तर पर नया रूप धारण करने का प्रयास करने लगी। कविता पहली बार दरबार से बाहर निकली। उसका जनता के साथ सीधा संबंध स्थापित हुआ। इस कोशिश में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ने अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने नाटक, निबंध, कविता आदि के माध्यम से साहित्य और समाज के बीच के संबंधों को नये ढंग से समझने-समझाने का प्रयास किया।

पश्चिम बंगाल सबसे पहले पाश्चात्य सभ्यता के सम्पर्क में आया। फलस्वरूप बंगाल में नए विचारों का प्रादुर्भाव हुआ। मध्यकालीन रूढिवादिता, संकीर्णता, अंधविश्वासी चेतना में जकड़े समाज को झकझोर कर जगाने का काम राजा राम मोहन राय, ईश्वरचंद विद्यासागर, केशवचंद्र सेन, देवेन्द्रनाथ ठाकुर, रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद जैसे विद्वानों ने अपने हाथ में लिया। 1828 में ब्रह्म समाज की स्थापना हुई। बाल-विवाह पर रोक, विधवा विवाह की अनुमति, नारी शिक्षा, अंध विश्वासों के प्रति आवाज़ उठाना इनके प्रमुख क्रिया कलाप थे। इनके प्रयासों से देश के विभिन्न भागों में भी क्रांति के स्वर गूंजने लगे। समाज सुधार का आन्दोलन चल पड़ा।

इन सब से प्रेरित हो कर भारतेन्दु अपने छोटे से जीवन में क्रांति की यह ज्योति अपनी रचनाओं में ले आए और खुलकर सामाजिक सुधारों का झंडा उठा लिया। स्वतंत्र कविताओं के अलावा नाटकों के लिए लिखी गई कविताओं में भी समाज सुधार के उनके विचार अभिव्यक्त हुए हैं। समाज की रूढिवादिता का विरोध उनका मकसद था। वे चाहते थे कि लोग अंग्रेज़ी शिक्षा ग्रहण करें ताकि विश्व के ज्ञान-विज्ञान से उनका परिचय हो।

लखहुं न अंगरेजन करी उन्नति भाषा मांहि।

सब विद्या के ग्रंथ अंगरेजिन मांह लखहिं॥

इसका मतलब यह कदापि नहीं था कि वे अपनी भाषा को छोड़ने की बात करते थे। वे निजभाषा का भी ज़ोर-शोर से पक्ष लेते हैं।

निज भाषा उन्नति अहै सब उन्नति को मूल।

बिन निज भाषा ज्ञान के मिटत न हिय को सूल॥

भारतेन्दु ने हिन्दी प्रचार-प्रसार के साथ ही नवजागरण और समाजसुधार का अभियान भी चलाया। धार्मिक अंधविश्वास, सामाजिक रूढिवादिता, छुआ-छूत, ऊंच-नीच की भावना के विरोध में उन्होंने कविताओं आदि के माध्यम से अभिव्यक्ति दी। उन्होंने काव्य को जनता के साथ जोड़ा।

रचि बहुविधि के वाक्य पुरानन मांहि घुसाए।

शैव शाक्त वैष्णव अनेक मत प्रगटि चलाए।।

जाति अनेकन करी नीच अरु ऊंच बनायो।

खान-पान संबंध सबन सों बरजि छुड़ायो॥

वे नारी शिक्षा के हिमायती थे। वेश्यागमन के ख़िलाफ़ थे। नारी को पुरुष के बराबर मानने के पक्षधर थे। स्त्री के लिए उपयोगी पत्रिका “बालाबोधिनी” का प्रकाशन भी उन्होंने शुरु किया। इसके मुख्यपृष्ठ पर लिखा रहता था,

“जो हरि सोई राधिका जो शिव सोई शक्ति।

जो नारी सोई पुरुष यामैं कछु न विभक्ति॥”

उन्होंने विधवा विवाह के पक्ष में “वैदिकी हिंसा न भवति” में लिखा,

नष्टे मृते प्रवजिते क्लीवे च पतिते पतौ।

पंच स्वायत्सु नारीणां पतिरुयो विधीयते॥

अर्थात्‌ पति के नष्ट हो जाने, मर जाने, लापता हो जाने, नपुंसक हो जाने पर, इन पांच प्रकार की विपत्तियों में पड़ी स्त्रियों के लिए दूसरे पति का विधान है। ईश्वरचंद्र विद्यासागर से वे काफ़ी प्रेरित थे। उन्होंने कविता में भी इस तरह की आवाज़ दी है,

सुंदर बानी कहि समुझावै।

बिधवागन सों नेह बढावै।

दयानिधान परम गुन-आगर।

सखि सज्जन नहिं विद्यासागर।

भारतेन्दु की रचनाओं में देशभक्ति की भावना भी उजागर हुई है। उन्होंने अंग्रेज़ी शासन और भारतीय जनता के बीच उपस्थित अंतर्विरोध को समझा और इसे अभिव्यक्त करते हुए लिखा,

अंगरेज राज सुख-साज सज्यौ है भारी,

पै धन विदेश चलि जात इहै अति ख्वारी।

उन्होंने ब्रिटिश शासन की व्यावसायिक वृत्ति को भारत की दुर्दशा का कारण भी माना है। स्वदेशी का समर्थन करते हुए लिखा है,

धन विदेश चलि जात, तऊ जिय होत न चंचल।

जड़ समान ह्वै रहत अकिलहत रचत सकल कल॥

जीवत विदेस की वस्तु लै ता बिन कछु नहिं कर सकत।

पुनर्जागरण के ऐसे समय में जब देश में समाज एक ओर धर्मांधता, रूढिवादिता और समाजविमुख परंपरा से लड़ने के लिए तैयार हो रहा था और दूसरी ओर साम्राज्यवादी ताकत का मुकाबला करने के लिए भी तैयार होना चाहता था, ऐसे में भारतेन्दु का साहित्य विशेषकर उनका काव्य इन अन्तर्विरोधों को अपनी रचना-प्रक्रिया का अंग बनाकर सृजन के धरातल पर आया। उन्होंने अपने युग की वस्तु-स्थिति को समझा। उसके सामाजिक अंतर्विरोधों को पहचाना। राष्ट्रीय-जागरण की आवश्यकता महसूस किया। इसके साथ ही एक जागृत विवेक के साथ साहित्य को आम जनता के साथ कुशलतापूर्वक जोड़ा।

बुधवार, 2 फ़रवरी 2011

आधुनिक हिन्दी काव्य

मनोज कुमार

भारतेन्दु हरिश्चन्द्र से लेकर समकालीन कविता तक की विकास यात्रा विभिन्न चरणों से गुज़री है। नवजागरण, छायावदी, छायावादोत्तर, प्रगतिशील, नयी कविता के दौर से गुज़रते हुए हिन्दी कविता ने परिपक्वता की कई मंज़िलें तय की है। हर युग, हिन्दी कविता के बदलते मिजाज़, सम्प्रेषण की नयी-नयी विधियां, भाव-भाषा-संरचना के नये-नये प्रयोग के साथ, अपनी विशिष्ट पहचान और लक्षणों को लिए थे।

नवजागरण काव्य आधुनिक हिन्दी काव्य का शुरुआती दौर था, जिसके प्रमुख कवि भारतेन्दु हरिश्चन्द्र और मैथिलीशरण गुप्त थे। प्रसाद, निराला, पंत और महादेवी वर्मा का काल छायावादी काव्य का काल रहा जबकि राष्ट्रीय सांस्कृतिक काव्यधारा के प्रमुख कवि रामधारी सिंह दिनकर छायावादोत्तर काव्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। नागार्जुन, गजानन माधव मुक्तिबोध और सुदामा प्रसाद पाण्डेय ‘धुमिल’ को हिन्दी कविता के प्रगतिशील काव्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। शमशेर बहादुर सिंह, रघुवीर सहाय तथा श्रीकांत वर्मा का दौर नयी कविता का दौर रहा।

भारतेन्दु युग से पहले हिन्दी की जिस कविता से हमारा परिचय होता है, उसे रीति काव्य के नाम से जाना जाता है। इस युग का काव्य अपने स्वरूप और संरचना की दृष्टि से रुढिबद्ध, श्रृंगारपरक और सामंत वर्ग का अनुरंजन (दिल-बहलाव) करने वाला काव्य था। इस काल की कविताओं का सृजन, अधिकांशतः दरबारियों, राजाओं और मनसबदारों की चाटुकारिता, स्तुति गायन और उन्हें प्रसन्न करने के लिए वीरता की झूठी प्रशंसा हेतु

किया गया। काव्य का सृजन हंसाने, चमत्कृत करने और उनकी रंगरेलियों को और अधिक मधुर बनाने के लिए काव्य के परंपरागत लक्षणों के आधार पर होता रहा। समाज के व्यापक भावबोध से ये कविताएं कटी हुयी थीं। सीधे शब्दों में कहें तो साहित्य का संबंध समाज से नहीं था। इसलिए इनका ऐतिहासिक महत्त्व भले हो, किंतु इनमें सामाजिक और सांस्कृतिक चिंताओं के न होने से इनका महत्त्व कम जाता है। हालाकि भक्ति, वीर और नीति काव्य की रचनाएं भी इस दौर में हुईं, पर मुख्य धारा रीति बद्धता की रही।

आधुनिक हिन्दी कविता का आरंभ 19वीं शती के उत्तरार्द्ध में हुआ था। यह वह समय था जब भारतेन्दु हरिश्चन्द्र सक्रिय थे। इस समय बंगाल, महाराष्ट्र और पंजाब में सामाजिक-सांस्कृतिक सुधार आन्दोलन की गूंज चारों दिशाओं में फैल रही थी। इस धर्म-समाज सुधारक आन्दोलन की गतिविधियों से हिन्दी साहित्य भी काफ़ी प्रभावित हुआ। कविताओं के माध्यम से नवजागरण यानी फिर से सजग होने की अवस्था या भाव, की अभिव्यक्ति हुई। भारतेन्दु युग और द्विवेदी युग की रचनाएं नवजागरण का स्रोत और माध्यम रही हैं। यह युग हिन्दी के मध्य से सर्वथा भिन्न था और आधुनिक युग के रूप में अपनी नयी पहचान बना सका। हिन्दी की आधुनिक कविता की प्रक्रिया इसी युग से शुरु होती है।

इस युग की कविताओं में भारतीय नवजागरण के प्रमुख तत्त्व – प्राचीन संस्कृति पर निर्भरता, ईश्वर की जगह मानव केन्द्रीयता और जातीय राष्ट्रीय भाषा के रूप में हिन्दी खड़ी बोली की स्वीकृति, मिलते हैं। नवजागरण की दृष्टि से यह युग नवजागरण का काल था। इस काल में नये-पुराने के बीच संघर्ष की स्थिति थी। जहां एक ओर प्राचीन के प्रति बरकरार मोह और नये का तिरस्कार था, वहीं दूसरी ओर नये के प्रति आकर्षण और पुराने के तिरस्कार वाली स्थिति भी थी।

इस युग का हिन्दी साहित्य में काफ़ी महत्त्व रहा है। भारतेन्दु और द्विवेदी युग प्रकारान्तर से हिन्दी खड़ी बोली के काव्य भाषा में विकसित होने का युग रहा है। यह रास्ता आसान नहीं रहा। ब्रजभाषा के स्थान पर हिन्दी खड़ी बोली को काव्य भाषा के पद पर प्रतिष्ठित कराने में काफ़ी संघर्ष का सामना करना पड़ा।

बुधवार, 13 अक्टूबर 2010

काव्य प्रयोजन आधुनिक काल

काव्य प्रयोजन

आधुनिक काल

मनोज कुमार

आदिकाल और मध्यकाल

पूरा भक्तिकाव्य यह धारना व्यक्त करता है कि

“मानुष प्रेम भय‍उ बैकुंठी”

अर्थात्‌ प्रेम ही जीवन को दिव्य बनाता है। बैर नहीं। प्रेम से ही बैकुंठ की प्राप्ति संभव है।

भक्ति-रस में डूब कर ही लोग महान बन सकते हैं। भक्तिशास्त्र में कहा गया,

“प्रेमा पुमर्थो महान”।

भक्ति काल के साहित्य में यह भाव पुरुषार्थ के रूप में प्रखर रूप से आया। सूफ़ी कवियों ने भी इसे प्रतिस्थापित किया।

निर्गुणपंथी संत कबीरदास ने अंधविश्‍वास, कुरीतियों और रूढ़िवादिता का विरोध किया। विषमताग्रस्त समाज में जागृति पैदा कर लोगों को भक्ति का नया मार्ग दिखाना इनका उद्देश्य था। जिसमें वे काफी हद तक सफल भी हुए। उन्होंने हिंदु-मुस्लिम एकता के प्रयास किए। उन्होंने राम और रहीम के एकत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने दोनों धर्मों की कट्टरता पर समान रूप से फटकार लगाई।

वहीं ‘पद्मावत’ के रचयिता जायसी ने सता शक्ति के अभिमान पर प्रहार किया।

‘रमचरितमानस’ में संत तुलसी दास ने कहा है

“कीरति भनितिभूति भलि सोई।

सुरसरि सम सब कह हित होई॥”

अर्थात्‌ कीर्ति-प्रीति-भनिति का एक ही उद्देश्य है - ‘लोकमंगल की भावना’।

इस प्रकार हम निष्कर्ष निकाल सकते हैं कि भक्ति-काव्य का प्रयोजन था लोकमंगल की भावना।

रीतिकाव्य में दरबारी काव्य के मूल्यों का पोषण हुआ। कहा गया,

“सरस राग-रीति-रंग”

इसी धारणा में पूरी तरह डूब जाना उस काल के सामंतों की नियति थी। इस काल में शृंगारिकता, रसिकता और झूठी शास्त्रीयता को कवि लोग पकड़े रहे।

“राधिका कान्ह सुमिरन को बहाने”

कविता का मुख्य प्रयोजन बन गया भोग, केलि-क्रीड़ा, विलास-पूर्ण मनोरंजन। उनका तो लक्ष्य था

तजि तीरथ हरि-राधिका तन दुति कर अनुराग।

जेहि ब्रज केलि निकुंज मग पग-पग होतु प्रयाग॥

नायिका के शरीर से अनुराग करो – यही पूरे रीतिकाल का जीवन दर्शन था। इस काल में शृंगार-रस को रसराज का रूप मिला। यह एक प्रकार से कलाकाल है। इस काल के अधिकांश कवि, बिहारी, देव, मतिराम, घनानंद, आदि रसवाद के पोषक हैं। ये कवि प्रेमी नहीं, रसिक हैं।

नवजागरण काल

इतिहास में एक काल आया पुनर्जागरण का। यह काल सांस्कृतिक नवजागरण का काल है। इस समय में ईश्‍वर की धारणा व्यक्तिगत आस्था तक सीमित हो गई। हमारी इस धारणा में बदलाव नवजागरण की मानसिकता से आया। सांस्कृतिक नवजागरण की प्रक्रिया का उद्भव दो जातीय सांस्कृतियों के टकराने से हुआ। भारत में अंग्रेज़ी हुक़ूमत आ चुकी था। इसका विरोध भी हो रहा था।

सहित्य का क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं था। भारतेंदु हरिश्‍चद्र ने ‘कविवचन सुधा’ में स्वदेशी वस्तुओं को व्यवहार में लाने का प्रतिज्ञा-पत्र प्रकाशित किया। यह प्रतिज्ञा-पत्र भारतीय स्वाधीनता के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाने योग्य है।

नवजागरण की चेतना बंगाल में आरंभ हुई। फिर यह हिन्दी प्रदेशों में पहुंची। शनैः-शनैः यह राष्ट्रीय सांस्कृतिक रूप धारण करती गई। इस युग के लगभग सभी लेखकों ने अंग्रेज़ों के दमन चक्र का अपने-अपने लेखन में विरोध किया।

विरोध का सर्वाधिक समर्थ माध्यम था नाटक। नटकों ही नहीं सभी तरह की सृजन-ध्वनि में साम्राज्यवादी ताकतों का विरोध स्पष्ट था। इसके अलावा अपसी कलह और वैमनष्व को भी समाप्त करने की चेतना जगाने का इस काल के साहित्य का प्रयोजन था। सबसे महत्वपूर्ण बात यह थी कि इस काल की सृजनात्मक ध्वनि थी सामाजिक धार्मिक सुधार चेतना।

1857 की जन क्रांति विफल हो गई तो इसका दर्द भी रचनाओं में स्पष्ट रूप से आया तथा साथ ही लोकजागरण की चेतना का विकास इस काल के काव्य का प्रयोजन हो गया।

1857 की जन क्रांति के बाद स्वाधीनता संग्राम में प्रसार हुआ। जनता में जागृति आई। सभी तबके के लोग इस आंदोलन का हिस्सा बनने लगे। अतः हम कह सकते हैं कि नवजागरण की चेतना का उद्भव और विकास अंग्रेज़ों की देन नहीं बल्कि हमारी चिंतन परंपरा की ऊर्जा का उग्र विस्फोट है। उस काल की रचनाओं में आंतरिक राष्ट्र ध्वनि कुछ इस प्रकार देखने को मिलते हैं,

“सरबस लिए जात अंग्रेज़”, … “धन विदेश चलि जात” … या “भारतवासी रोए”।

इस प्रकार हम पाते हैं कि नवजागरण काल के काव्य की अंतः ध्वनि अंग्रेज़ी साम्राज्यवादी लूटतंत्र के प्रति विरोध, विक्षोभ, विद्रोह और बग़ावत को व्यक्त करना था।