शुक्रवार, 11 नवंबर 2011

माई डाक्यूमेंट्स नहीं …मेरे दस्तावेज़ कहिए जनाब!



अगर आप हिन्दी में कम्प्यूटर पर सब कुछ देखना चाहते हैं

कम्प्यूटर पर नोटपैड, वर्डपैड, मीडिया प्लेयर सहित सारी चीजें, स्टार्ट और कंट्रोल पैनल तक, लाग आन से लेकर शट डाउन तक, सब कुछ हिन्दी में देखना आसान है।
विंडोज एक्सपी या विंडोज 7 संचालन तंत्र का उपयोग करने वाले लोगों के लिए अच्छी सुविधा कई सालों से मौजूद है। इसके बावजूद हमारे देश में हिन्दी वाले लोग अंग्रेजी के इंटरफ़ेस (इसके लिए सही शब्द हिन्दी में नहीं सूझ रहा) से ही अपना सारा काम करते हैं। हिन्दी में हम नोटपैड, वर्डपैड, माइक्रोसाफ्ट वर्ड से लेकर मेन्यू, विंडोज़ मीडिया प्लेयर तक सारे काम कर सकते हैं। फिर हम क्यों अंग्रेजी में ये सारा काम करते हैं? कारण दो ही हैं, पहला कि जानकारी नहीं है या फिर दूसरा कारण यह है कि आप चाहते नहीं हैं। जो लोग किसी कीमत पर हिन्दी में सब कुछ नहीं करना चाहते, उनके लिए यह लेख शायद नहीं है। लेकिन जो लोग चाहते हैं कि उनके कम्प्यूटर पर अंग्रेजी की बजाय हिन्दी का राज चले, उनके लिए हम माइक्रोसाफ्ट के संचालन तंत्रों के हिन्दी इंटरफ़ेस की जानकारी लेकर हाजिर हैं।
      हिन्दी में लगभग वे सारे काम कम्प्यूटर पर सम्भव हैं, जिनकी हमें रोज जरूरत पड़ती है। इंटरनेट ब्राउजर के लिए इंटरनेट एक्सप्लोरर, मोजिला फ़ायफ़ाक्स या फिर गूगल क्रोम हिन्दी में हैं ही। गाना सुनने के लिए विंडोज़ मीडिया प्लेयर भी हिन्दी में मौजूद है, देखिए, कैसा लगता है हिन्दी में यह-



यहाँ मेन्यू भी हिन्दी में है। आप गानों के नाम या फ़ाइलों के नाम भी हिन्दी में लिख सकते हैं। फिर पूरी तरह अपनी भाषा के गानों का आनन्द हिन्दी आवाज, हिन्दी साफ्टवेयर के साथ उठा सकते हैं।
स्टार्ट पर क्लिक करने का काम बन्द करके प्रारंभ पर क्लिक करना शुरू कर सकते हैं, जैसा कि आप ऊपर सबसे नीचे बाईं तरफ़ देख रहे हैं।
 माई कम्प्यूटर या माई डाक्यूमेंट्स कहने की अब आवश्यकता नहीं रही, सो आप मेरा कम्प्यूटर या मेरे दस्तावेज़ कह सकते हैं, देख सकते हैं।
यहाँ आप हिन्दी में प्रारंभ मेन्यू देख रहे हैं।
इसी क्रम में आप मेरा कम्प्यूटर के विंडो को जिसे संस्कृत में चित्रायण कहा गया है, देख सकते हैं। दो-चार स्तरों तक के मेन्यू या अन्य विकल्पों को तो हिन्दी में रखा गया है, लेकिन बहुत आगे जाने पर फिर अंग्रेजी से सामना हो जाता है। लेकिन सामान्य किसी भी काम के लिए जितना कुछ हिन्दी में है, वह पर्याप्त है।

विंडोज़ 7 के लिए माइक्रोसाफ्ट ने हिन्दी अनुवाद के लिए लोगों से सुझाव माँगे थे, वहाँ भी मैंने अपना थोड़ा-सा योगदान दिया था। जैसे गाना सुनते समय अक्सर प्ले लिखा रहता है। इसके लिए सही हिन्दी बजाएँ होना चाहिए, न कि चलाएँ, लेकिन माइक्रोसाफ्ट वालों ने कुछ गड़बड़ियाँ की हैं। फिर भी हिन्दी में सामान्य सभी काम करने के लिए क्या करना होगा, उसकी जानकारी दी जा रही है। यह बिलकुल आसान है, देखते-देखते आप इसे कर सकते हैं।
      शर्त यह है कि आपका संचालन तंत्र वैध होना चाहिए। अगर वैध नहीं है यानी आपने विंडोज़ संचालन तंत्र खरीदा नहीं है तब आपको कुछ जुगाड़ और अवैध तरीके अपनाने होंगे। हालाँकि हम उसकी जानकारी भी देंगे। आप अपनी जिम्मेदारी पर संचालन तंत्र को वैध बनाने का काम मुफ़्त में कर सकते हैं। वैसे भी तकनीक के क्षेत्र में यह सब हमेशा होता रहता है। वैध बनाने का काम तो आप कर लेंगे और हमारे खयाल से इसकी उम्मीद भी एक प्रतिशत ही है कि आपको कुछ नुकसान उठाना पड़ सकता है, वरना आप जेब खाली कर के वैध संचालन तंत्र की व्यवस्था करें।
     
अगर आपके पास वैध संचालन तंत्र है:

विंडोज़ एक्सपी के लिए यहाँ या यहाँ जा सकते हैं। फिर आप छह एमबी से अधिक आकार की एक फ़ाइल डाउनलोड करेंगे, उसे स्थापित करेंगे और सामने हिन्दी शुरू…

विंडोज़ 7 के लिए यहाँ और विंडोज़ विस्टा के लिए यहाँ जाकर आप हिन्दी इंटरफ़ेस पैक के लिए दी गई फ़ाइल को डाउनलोड करें। और उसे स्थापित(इंस्टाल) कर लें।
     
अगर आपके पास वैध संचालन तंत्र (सिर्फ़ एक्सपी के लिए) नहीं है तब यहाँ जाएँ। और जो फ़ाइल मिलेगी उसे खोलें। अगर सब कुछ ठीक रहा तो हाँ यानी येसका विकल्प चुन लें। फिर आप यहाँ जाकर फ़ाइल डाउनलोड करें और स्थापित कर लें।

      चलते-चलते माई कम्प्यूटर का बदला रूप मेरा कम्प्यूटर का विंडो …

आपसे निवेदन है कि यथासम्भव फ़ाइलों के नाम भी हिन्दी में रखना शुरू कर दें। अगर पहले से आप फ़ाइलों के नाम हिन्दी में रख रहे हैं, तब इस बात को और अधिक लोगों तक पहुँचाएँ। अगर इस काम में कोई तकनीकी समस्या आती है तब मुझसे chandan-mishra@in.com  पर सम्पर्क कर सकते हैं। 

12 टिप्‍पणियां:

  1. भाई ये काम चार साल से हम करते आ रहे हैं।

    जवाब देंहटाएं
  2. आदरणीय द्विवेदी जी,

    अच्छा लगा यह जानकर। लेकिन कुछ लोग शायद इसे पहली बार देखें तो कुछ सार्थक हो…

    जवाब देंहटाएं
  3. मेरे लिए तो बिलकुल नया है और उपयोगी भी.. धन्यवाद!!

    जवाब देंहटाएं
  4. कम्प्यूटर को पूरी तरह से हिंदी में संचालित करने के लिए उपयोगी जानकारी।

    जवाब देंहटाएं
  5. चंदन जी, आपके द्वारा नई-नई और उपयोगी जानकारी मिल रही है। आपके टीम में शामिल हो जाने से राजभाषा हिंदी को नया बल मिला है और इसके पाठक निश्चित रूप से लाभान्वित होंगे।

    जवाब देंहटाएं
  6. चंदन जी,
    हिंदी वालों के लिए-यह बहुत ही उपयोगी जानकारी हॆ.इसी तरह कंप्यूटर से संबंधित नय़ी-नयी जानकारियां हिंदी में देते रहें.धन्यवाद!

    जवाब देंहटाएं
  7. बहुत अच्छी जानकारी मिली ... मैंने भी पूरा कंप्यूटर हिंदी में देखा है ..पर घर के बाकी सदस्यों की वजह से घर में हिंदी में परिवर्तित कर काम करना नहीं हुआ ..

    जवाब देंहटाएं
  8. घरवालों को कुछ अटपटा लगता है यह, मेरे यहाँ भी लगा था, शायद लगता है भी। वैसे इसका मतलब यह होता है कि हम अपने घर में अकेले हिन्दी पसन्द हैं, कोई साथी नहीं…विचित्र हाल है……मेरे कहने का बुरा भी कई लोगों को लगेगा लेकिन हाल यह तो है ही कि अधिकांश हिन्दी ब्लाग-लेखकों के यहाँ शायद ही उनके घर में हिन्दी का पक्षधर होगा, जैसे उनकी संतानें अंग्रेजी पसन्द हैं…


    वैसे यह जानकारी सालों पुरानी है, फिर भी आप सबको अच्छा लगा। इसके लिए धन्यवाद।

    जवाब देंहटाएं

आप अपने सुझाव और मूल्यांकन से हमारा मार्गदर्शन करें