मैथिलीशरण गुप्त लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मैथिलीशरण गुप्त लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 12 दिसंबर 2012

मैथिलीशरण गुप्त की पुण्यतिथि पर

मैथिलीशरण गुप्त

(03.08.1886-12.12.121964)

जीवन परिचय

साहित्यजगत में दद्दा के नाम से प्रसिद्ध श्री मैथिलीशरण गुप्त जी जन्म 3 अगस्त 1886 को उत्तर प्रदेश की चिरगांव, ज़िला झांसी में हुआ था। इनके पिता श्री रामचरण न सिर्फ़ राम-भक्त थे बल्कि काव्य-रसिक भी थे। माता कौशल्याबाई/सरयू देवी धर्मिक विचारों वाली महिला थीं। परिवार पैत्रिक व्यवसाय से जुड़ा हुआ था। उनके चार भाई थे।

चिरगांव के प्राथमिक पाठशाला में कुछ समय तक की पढ़ाई के बाद वे घर पर ही हिंदी, संस्कृत, मंगला, मराठी और अंग्रेज़ी भाषा का ज्ञान प्राप्त करते रहे। साथ ही साथ काव्य-रचना में भी लीन रहे। 12 वर्ष की उम्र में उन्होंने ब्रज भाषा में ‘कनकलताद्धा’ नाम से कविताएं लिखनी शुरू कर दी थी। इसके बाद वे महावीर प्रसाद स्विवेदी के संपर्क में आए और खड़ी बोली में कविताएं लिखनी शुरू कीं। ‘सरस्वती’ पत्रिका के माध्यम से आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी जी का वरद-हस्त इन्हें प्राप्त था। इनकी आरंभिक कविताएं ‘सरस्वती’ में छपती रहती थी। रामभाक्ति और काव्य के प्रति लगाव तो पैतृक विरासत प्रापत हुआ और यह जीवन भर चलता रहा। इनका प्रथम काव्य संग्रह "रंग में भंग” तथा वाद में "जयद्रथ वध” प्रकाशित हुआ।

श्री मैथिलीशरण गुप्त की सुप्रसिद्ध काव्यकृति ‘भारत-भारती’ 1914 में प्रकाशित हुआ। इसमें उन्होंने समकालीन प्रश्न को मुखर करने का प्रयास किया है। इस काव्य- पुस्तक में अपने देश के प्रति निष्ठा और प्रेम को दर्शाया गया है। इस कृति में तीन खंडों में भारत के उत्थान-पतन की कथा को अतीत, वर्तमान और भविष्य ख्ण्डों में चित्रित किया गया है। इसमें कवि ने परतंत्र देश के समकालीन राष्ट्रीय प्रश्नों पर प्रकाश डालते हुए देशवासियों का ध्यान उनकी ओर आकृष्ट किया है साथ ही उनसे देशभक्ति और देशोद्धार के पथ पर चलने का आह्वान किया है। राष्ट्रीय भावनाओं से ओत-प्रोत इस काव्य-संग्रह के कारण उनकी ख्याति दूर-दूर तक फैल गई। भारत के राष्ट्रीय उत्थान में भारत-भारती का योगदान अमिट है।

सन् 1916-17 ई. में उन्होंने महाकाव्य “साकेत” का लेखन प्रारम्भ किया। इसमें उन्होंने उर्मिला के प्रति उपेक्षा भाव को दूर किया है। “साकेत” और “पंचवटी” 1931 में छप कर आए। साकेत में उर्मिला के चरित्र चित्रण के द्वारा गुप्त जी ने उस समय की स्त्रियों की दशा का सटीक चित्रण किया है। उर्मिला भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण की पत्नी है। रामायण में राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के त्याग का वर्णन मिलता है, लेकिन उर्मिला के लिए बहुत कम पंक्तियाँ रची गई है, जबकि उसका त्याग भी विलक्षण है। पति लक्ष्मण भाई राम के साथ वनवास चले गए तब 14 वर्ष उसने विरह की अग्नि में जलकर बिताए। गुप्त जी ने उस दर्द को महसूस करते हुए अपनी कल्पनाशीलता से यह मार्मिक रचना लिखी। इस रचना के द्वारा उन्होंने उपेक्षित एवं शोषित नारी के प्रति अपनी अगाध संवेदना व्यक्त की है। वे शोषण मुक्त समाज के पक्षधर है। उन्हे वही राम राज्य पसंद है जहां एक राजा अपनी प्रजा के कल्याण के लिए सभी सुखों का त्याग कर देता है।

इन्हीं दिनों वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के संपर्क में आए। बापू से वे बहुत प्रभावित हुए। 1932 में “यशोधरा” का प्रकाशन हुआ। बापू ने उन्हें राष्ट्रकवि की संज्ञा दी। व्यक्तिगत सत्याग्रह के कारण उन्हें 1941 में जेल जाना पड़ा। अपनी रचनाओं के द्वारा गुप्त जी ने पूरे देश में राष्ट्रभक्ति की भावना भर दी थी। उनका कहना था

'जो भरा नहीं है भावों से जिसमें बहती रसधार नहीं।

वह हृदय नहीं है पत्थर है, जिसमें स्वदेश का प्यार नहीं।'

खड़ी बोली को हिंदी को काव्य की भाषा के रूप में प्रतिष्ठित करने में श्री मैथिलीशरण गुप्त ने प्रमुख भूमिका निभाई थी। उन्होंने खड़ी बोलॊ को सरल, सशक्त और प्रवाहमय बनाया। धीरे-धीरे अन्य कवियों ने भी खड़ी बोली को अपनी रचना में स्थान देना शुरू किया। उनकी रचनाओं में परंपरा, नैतिकता, पवित्रता और मानवीय मूल्यों की रक्षा के स्वर प्रमुखता से उजागर हुए हैं। उन्होंने नवजागरण के लिए भी काफ़ी काम किया।

मृत्यु : 12 दिसम्बर 1964 को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।

पुरस्कार व सम्मान :

१. 1936 में साहित्य सम्मेलन प्रयाग से ‘साकेत’ के लिए ‘मंगला प्रसाद’ पुरस्कार।

२. 1946 में साहित्य सम्मेलन प्रयाग से साहित्य वाचस्पति का सम्मान।

३. 1948 में लखनऊ विश्वविद्यालय से मानद्‌डि.लिट. की उपाधि से विभूषित।

४. 1952 से 1964 तक राज्यसभा के मनोनित सदस्य।

५. 1953 में भारत सरकार द्वारा पद्मविभूषण से सम्मानित किए गए।

रचनाएं :

काव्य : ‘रंग में भंग’ (1909), ‘जयद्रथ वध’(1910), ‘भारत भारती’ (1912), ‘कुणाल’, ‘उच्छवास’, ‘सिद्धराज’, ‘पंचवटी’ (1925), ‘झंकार’ (1929), ‘साकेत’ (1931, ‘यशोधरा’ (1932), ‘द्वापर’ (1936), ‘जयभारत’ (1952), ‘विष्णुप्रिया’ (1957), ‘नहुष’, ‘वन वैभव’, ‘बक-संहार’, ‘मंगलघट’, ‘अर्जन और विसर्जन’, ‘काबा और कर्बला’, ‘अंजलि और अर्घ्य’, ‘स्वदेश संगीत’, ‘वैतालिक’, ‘हिंदू शक्ति’, ‘गुरुकुल’, ‘विकट भट’, ‘पद्य-प्रबंध’, ‘पत्रावली’, ‘शकुंतला’, ‘हिडिम्बा’, ‘विश्व वेदना’, ‘किसान’ ‘पृथ्वी पुत्र’, राजा-प्रजा’, ‘तिलोत्तमा’, ‘अजित लीला’, ‘अनघ’, ‘चंद्रहास’, ‘स्वप्न-वासवदत्ता’, ‘मेघनाद वध’, ‘विरहिणी ब्रजांगना’, तथा ‘उमर खैयाम की रुनाइयां’।

अब गुप्त जी की एक रचना जो मुझे बेहद पसंद है।

नर हो न निराश करो मन को

नर हो न निराश करो मन को
कुछ काम करो कुछ काम करो
जग में रह के निज नाम करो

यह जन्म हुआ किस अर्थ अहो
समझो जिसमें यह व्यर्थ न हो
कुछ तो उपयुक्त करो तन को
नर हो न निराश करो मन को

संभलो कि सुयोग न जाए चला
कब व्यर्थ हुआ सदुपाय भला
समझो जग को न निरा सपना
पथ आप प्रशस्त करो अपना
अखिलेश्वर है अवलम्बन को
नर हो न निराश करो मन को

जब प्राप्त तुम्हें सब तत्त्व यहाँ
फिर जा सकता वह सत्व कहाँ
तुम स्वत्व-सुधा रस पान करो
उठके अमरत्व विधान करो
दवरूप रहो भव कानन को
नर हो न निराश करो मन को

निज गौरव का नित ज्ञान रहे
हम भी कुछ हैं यह ध्यान रहे
सब जाय अभी पर मान रहे
मरणोत्तर गुंजित गान रहे
कुछ हो न तजो निज साधन को
नर हो न निराश करो मन को

प्रस्तुतकर्ता : मनोज कुमार

बुधवार, 10 अक्टूबर 2012

श्री मैथिलीशरण गुप्त

Anamika 7577 की प्रोफाइल फोटोप्रबुद्ध पाठक गण आधुनिक काल के प्रसिद्ध कवियों और लेखकों के जीवन-वृत्त, व्यक्तित्व, साहित्यिक महत्त्व, काव्य सौन्दर्य और उनकी भाषा शैली पर प्रकाश डालते हुए आइये आज चर्चा  करते हैं श्री मैथिलीशरण गुप्त जी की .....

                                  अनामिका 

श्री मैथिलीशरण गुप्त 

 

जन्म   सन 1886,  मृत्यु  सन 1964

जीवनवृत -

 

आधुनिक हिंदी कवियों में श्री मैथिलिशरण गुप्त जी को सर्वाधिक लोक-प्रियता प्राप्त हुई है. इनका जन्म चिरगाँव  जिला झाँसी में सन 1886 में हुआ था और इनके पिता सेठ रामचरण धनी मानी वैश्य थे. यह कनकलता उप नाम से कविता किया करते थे और राम के विष्णुत्व में अटल आस्था रखते थे. गुप्त जी को कवित्व प्रतिभा और राम भक्ति पैतृक देन में मिली तथा यह बाल्यकाल में ही काव्य रचना करने लगे. पिता ने इनके एक छंद को पढ़ कर आशीर्वाद दिया कि 'तू आगे चलकर हमसे हजार गुनी अच्छी कविता करेगा' और यह आशीर्वाद अक्षरशः सत्य हुआ. चिरगांव में प्रारंभिक शिक्षा समाप्त करने के उपरान्त गुप्त जी झाँसी के मेकडॉनल हाईस्कूल में अंग्रेजी पढने के लिए भेजे गए पर वहां  इनका मन न लगा और दो वर्ष पश्चात ही घर पर इनकी शिक्षा का प्रबंध किया लेकिन पढने की अपेक्षा इन्हें चकई फिराना और पतंग उड़ाना अधिक पसंद था. इन्हें आल्हा पढने में भी बहुत आनंद आता था. इसी बीच यह मुंशी अजमेरी के संपर्क में आये और उनके प्रभाव से इनकी काव्य-प्रतिभा को प्रोत्साहन प्राप्त हुआ. अतः अब ये  दोहे, छपप्यों में काव्य रचना करने लगे जो कलकत्ते में प्रकाशित होने वाले 'वैश्योपकारक' पत्र में प्रकाशित हुई. आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी जब झाँसी के रेलवे ऑफिस से चीफ कलर्क थे तब गुप्तजी अपने बड़े भाई के साथ उनसे मिलने गए और कालांतर में उन्हीं की छत्रछाया में मैथिलीशरण जी की काव्य प्रतिभा पल्लवित व् पुष्पित हुई. गुप्त जी द्विवेदी जी को अपना काव्य गुरु मानते थे और उन्हीं के बताये मार्ग पर चलते रहे तथा जीवन के अंत तक साहित्य साधना में रत  रहे. इन्होने राष्ट्रीय आंदलनों में भी भाग लिया और जेल यात्रा भी की तथा विश्व-वंध्य बापू का यह अत्यंत सम्मान करते थे. यह हिंदी के प्रसिद्द राष्ट्रीय कवि कहे जाते हैं और सन 1936 इन्हें काकी में अभिनन्दन ग्रन्थ भेंट किया गया तथा इनकी साहित्य सेवाओं के उपलक्ष में आगरा व इलाहबाद विश्व-विद्यालय ने इन्हें डी. लिट. की उपाधि से विभूषित भी किया. साथ ही 'साकेत' महाकाव्य पर इन्हें मंगलाप्रसाद  पारितोषिक भी प्राप्त हुआ और यह भारतीय संसद के मनोनीत सदस्य भी रहे.

 

काव्य सौन्दर्य -

गुप्त जी अपनी भाव रश्मियों से हिंदी साहित्य को प्रकाशित करने वाले युग कवि हैं.  चालीस वर्ष तक निरंतर इनकी रचनाओं में युग स्वर गूंजता रहा. इन्होने गौरवपूर्ण अतीत को प्रस्तुत करने के साथ साथ भविष्य का भी भव्य रूप प्रस्तुत किया :

"मैं अतीत नहीं भविष्यत् भी हूँ आज तुम्हारा "

गुप्त जी मानवतावाद के पोषक और समर्थक थे. इनकी भगवत भावना महान थी. इनके काव्य में निर्गुण नारायण ही पृथ्वी को स्वर्ग बनाने के लिए भूतल पर आते हैं.

'भव में नव वैभव व्याप्त कराने आया,

नर को ईश्वरता  प्राप्त  कराने आया.

सन्देश  यहाँ  मैं  नहीं स्वर्ग का लाया,

इस  भूतल ही को स्वर्ग बनाने  आया.

 

गुप्त जी का काव्य मानस की प्रेरणा और प्रवृति का स्त्रोत है. वर्तमान युग का यह समन्वित रूप है. मानवीय चरित्र की जितनी भी संभावनाए संभव हैं, उस सबकी सृष्टि राम का चरित्र है.

अपने साहित्यिक गुरु पं. महावीरप्रसाद द्विवेदी की प्रेरणा से गुप्त जी ने 'भारत-भारती' की रचना की. 'भारत-भारती' के प्रकाशन से ही गुप्त जी प्रकाश में आये. उसी समय से आपको राष्ट्र कवि के नाम से अभिनंदित किया गया. गुप्त जी की साहित्य साधना सन 1921 से सन 1964 तक निरंतर आगे बढती रही.

गुप्त जी युग-प्रतिनिधि राष्ट्रीय कवि थे. इस अर्ध-शताब्दी की समस्त सामाजिक, राजनैतिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक हलचलों का प्रतिनिधित्व इनकी रचनाओं में मिल जाता है. इनके काव्य में राष्ट्र की वाणी मुखर हो उठी है. देश के समक्ष सबसे प्रमुख समस्या दासता से मुक्ति थी. गुप्त जी ने भारत-भारती  तथा अपनी अन्य रचनाओं के माध्यम से इस दिशा में प्रेरणा प्रदान की. इन्होने अतीत गौरव का भाव जगाकर वर्तमान को सुधारने की प्रेरणा दी. गुप्त जी अपनी अभिलाषा अभिव्यक्त करते हुए कहते हैं -

"मानव-भवन में आर्यजन, जिसकी उतारें आरती.

भगवान् भारतवर्ष में, गूंजे हमारी भारती. "

इस युग की प्रमुख समस्या हिन्दू मुसलामानों की एकता थी , गुप्त जी ने अपनी अनेक रचनाओं में दोनों की एकता पर बल दिया. 'काबा और कर्बला' में इन्होने मुसलामानों की सहानुभूति प्राप्त करने का प्रयास किया है.  इस प्रकार गुप्त जी ने समस्त समस्याओं का राष्ट्रीय दृष्टि से समाधान प्रस्तुत किया है.

 

भाषा शैली -

शैलियों के निर्वाचन में गुप्त जी ने विविधता दिखाई किन्तु प्रधानता प्रबंधात्मक इतिवृतमय शैली की है. गुप्त जी के अधिकांश काव्य इसी शैली में हैं - रंग में भंग, जयद्रथ वध, नहुष, सिद्धराज, त्रिपथक, साकेत आदि प्रबंध शैली में हैं. यह शैली दो प्रकार की है - खंड काव्यात्मक तथा महाकाव्यात्मक. साकेत महाकाव्य है तथा शेष सभी काव्य खंड काव्य के अंतर्गत आते हैं.

गुप्तजी की एक शैली विवरण शैली भी है. 'भारत-भरती' और 'हिन्दू' इस शैली में आते हैं.

तीसरी शैली गीत शैली है - इसमें गुप्तजी ने नाटकीय प्रणाली का अनुगमन किया है. 'अनघ' इसका उदाहरण है.

आत्मोदगार प्रणाली गुप्त जी की एक और शैली है जिसमे 'द्वापर की रचना की.

नाटक, गीत, प्रबंध, पद्य और गद्य सभी के मिश्रण एक मिश्रित शैली है जिसमे 'यशोधरा' की रचना हुई है.

इन सभी शैलियों में गुप्त जी को समान रूप से सफलता नहीं मिली. गुप्तजी की शैली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उसमे इनका व्यक्तित्व झलकता है. पूर्ण प्रवाह है. भावों की अभिव्यक्ति में सहायक होकर उपस्थित हुई हैं.

भाषा -

गुप्तजी की काव्य भाषा खड़ी बोली है, इस पर इन्हें पूर्ण अधिकार है. भावों को अभिव्यक्त करने के लिए गुप्तजी के पास अत्यंत व्यापक शब्दावली है.

गुप्तजी की प्रारंभिक रचनाओं की भाषा तत्सम है. इसमें साहित्यिक सौन्दर्य कला नहीं है. 'भारत-भरती' की भाषा में खड़ी बोली की खडखडाहट है, किन्तु गुप्तजी की भाषा क्रमशः विकास करती हुई सरस होती गयी.

संस्कृत के शब्द भण्डार से ही गुप्तजी ने अपनी भाषा की भण्डार भरा है. लेकिन प्रिय प्रवास की भाषा में संस्कृत बहुला नहीं होने पायी इसमें प्राकृत रूप सर्वथा उभरा हुआ है. भाव व्यंजना को स्पष्ट और प्रभावपूर्ण  बनाने के लिए संस्कृत का सहारा लिया है.

संकृत के साथ गुप्तजी की भाषा पर प्रांतीयता का भी प्रभाव है. गुप्त जी का काव्य  भाव तथा कला पक्ष दोनों की दृष्टि से सफल है.

इनके काव्य की विशेषताएं इस प्रकार उल्लेखित की जा सकती हैं -

१.राष्ट्रीयता और गांधीवाद की प्रधानता.

२. गौरवमय अतीत के इतिहास और भारती  संस्कृति की महत्ता

३. पारिवारिक जीवन को भी यथोचित  महत्ता

४. नारी मात्र को विशेष महत्त्व

५. प्रबंध और मुक्तक दोनों में लेखन

६. शब्द शक्तियों तथा अलंकारों के  सक्षम प्रयोग के साथ मुहावरों का भी प्रयोग.

 

कृतियाँ -

गुप्त जी का रचनाकाल सं. 1964 से प्रारंभ होता है और इनकी पहली काव्यकृति 'रंग में भंग' सं. 1937 में प्रकाशित हुई. तब से अब तक इनकी 52 से अधिक काव्य रचनाएं प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमे से कुछ अनुदित भी हैं. इन्होने 'मधुप' उपनाम से विरहणी ब्रजांगन, पलासी का युद्ध और मेघनाद वध नामक बंगला काव्य कृतियों का अनुवाद किया है तथा कुछ संस्कृत नाटकों के अनुवाद भी किये. इसी प्रकार 'रुबाइयात उमरखय्याम; भी  उमर खयाम की रुबाइयों का हिंदी रूपान्तर है. इनकी उल्लेखनीय मौलिक रचनाओं की तालिका में - रंग में भंग, जयद्रथ वध, पद्य प्रबंध, भारत भरती, शकुंतला, तिलोत्तमा, चंद्रहास, पत्रावली, वैतालिका, किसान, अनघ, पंचवटी, स्वदेश संगीत, हिन्दू, विपथगा, शक्ति विकटभट, गुरुकुल, झंकार, साकेत, यशोधरा, सिद्धराज, द्वापर, मंगलघट, नहुष, कुणालगीत , काबा और कर्बला, प्रदक्षिणा, जयभारत, विष्णुप्रिया आदि आते हैं.

सन 1964 में गुप्त जी के स्वर्गवास से हिंदी साहित्य को जो महान क्षति पहुंची उसकी पूर्ती संभव नहीं है.

बुधवार, 20 अक्टूबर 2010

काव्य प्रयोजन :: आधुनिक काल

काव्य प्रयोजन :: आधुनिक काल

द्विवेदी युग

इस युग में रीतिवाद विरोधी अभियान चला। मकसद था हिन्दी कविता को दरबारी काव्य की रूढियों से मुक्त करना! आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी ने ‘सरस्वती’ पत्रिका के माध्यम से इस आंदोलन को गति प्रदान की। उनका मानना था कि साहित्य की महत्ता लोकजागरण की चेतना से सम्बद्ध है। साहित्य में जो शक्ति है वह तो, तलवार और बम में भी नहीं है। उनके अनुसार लोकजागरण के लिए साहित्य से बढकर कोई दूसरा  समर्थ माध्यम नहीं है।

मैथिलीशरण गुप्त ने भी इस आंदोलन को आगे बढाया। उन्होंने कविता के प्रयोजन को बताते हुए कहा
(१)
केवल मनोरंजन न कवि का कर्म होना चाहिए
उसमें उचित उपदेश का भी मर्म होना चाहिए
(२)
है जिस कविता का काम लोकहित करना
सद्भावों से मन मनुज मात्र का भरना
पहले तो कांता सदृश हृदय का हरना
फिर प्रकटित करना विमल ज्ञान का झरना

(३)
अर्पित हो मेरा मनुज काय
बहुजन हिताय बहुजन हिताय
(४)
संदेश नहीं मैं स्वर्गलोक का लाया
इस भूतल को ही स्वर्ग बनाने आया
इस तरह से इनके साहित्य का उद्देश्य लोकमंगल भावना को हम पाते हैं।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने रस की लोकमंगलवादी व्याख्या की। उन्होंने कलावाद-रूपवाद का विरोध किया, साथ ही विरुद्धों के सामंजस्य सिद्धांत का समर्थन किया। उन्होंने तुलसीदास और उनके ‘रामचरितमानस’ को लोकमंगल की साधनावस्था का प्रतिमान माना तथा विद्यापति और बिहारीलाल को सिद्धावस्था का कवि कहा।

आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी साहित्य का प्रयोजन “लोकचिंता” को मानते थे। उनके प्रिय कवि हैं कबीर। इनका मानना था कि लोकचिंताओं से जुड़कर ही रचनाकार को लोक को दिशा-दृष्टि देनी चाहिए।

छायावाद के कवियों ने सृजन को मानव-मुक्ति चेतना की ओर ले जाने का काम किया। सुमित्रानंदन पंत ने रीतिवाद का विरोध करते हुए ‘पल्लव’ की भूमिका में कहा कि मुक्त जीवन-सौंदर्य की अभिव्यक्ति ही काव्य का प्रयोजन है।

जयशंकर प्रसाद का कहना था आनंद और लोकमंगल दोनों का सामंजस्य ही सृजन-धर्म है - “श्रेयमयी प्रेम ज्ञानधारा”।

सूर्यकांत त्रिपाठी निराला ने नवजागरण परंपरा का विस्तार किया और रूढिवाद का विरोध।

महादेवी वर्मा के अनुसार साहित्य का उद्देश्य है मानव करुणा का विस्तार।

प्रगतिवाद ने रूढिवादिता का विरोध किया और मार्क्सवादी समाज-चिंतन को अपनाया।
प्रेमचंद के अनुसार रचनाकार समाज में आगे चलने वाली मशाल होता है। अतः साहित्य का उद्देश्य जनता की चेतना को जाग्रत करना तथा परिष्कृत करना होता है।
प्रगतिवाद एक निश्चित तत्ववाद को सूचित करता है। ऐसे साहित्य में विषय-वस्तु या अंतर्वस्तु को अधिक महत्व दिया जाता है। रूप को, कला-विन्यास को कम। इनके मतावलंबियों के अनुसार साहित्य का उद्देश्य है प्रतिक्रियावादी शक्तियों के लोक-विरोधी, जन-विरोधी चरित्र का भंडाफोर और मनुष्य का, मनुष्यता का विकास-परिष्कार-प्रसार। अर्था‍त्‌ उपयोगितावाद-यर्थार्थवाद की महत्वप्रतिष्ठा।
डॉ. रामविलास शर्मा ने लोकमंगलवादी चिंतन-दृष्टि का विकास ही साहित्य का प्रयोजन माना।

गजानन माधव मुक्तिबोध ने साहित्य को जनता के लिए जनजागरण का अस्त्र माना और उन्होंने अपनी रचनाओं, “चांद का मुंह टेढा है” और “भूरी-भूरी खाक धूल” द्वारा पूंजीवादी-साम्राज्यवादी चिंतन का विरोध किया।

नयीकविता युग तथा समकालीन युग के विद्वानों, अज्ञेय, धर्मवीर भारती, निर्मल वर्मा आदि, कवियों के मतानुसार साहित्य का प्रयोजन मानव-व्यक्तित्व का समग्र विकास, मानव-स्वाधीनता की रक्षा, मुक्त-चिंतन का विकास है।

उपसंहार
इस प्रकार हम पाते हैं कि हिन्दी चिंतन परंपरा में लोकमंगलवादी मानव सत्यों से साक्षात्कारवादी दृष्टि ही साहित्य का प्रयोजन रही है। रचनाकार का मानवतावाद रचना की अर्थ-व्यंजना में निहित रहता है।
हिन्दुस्तान में संस्कृति का आधारभूत तत्व है - “सुरसरि सम सबका हित होई।” अर्थात्‌ गंगा की तरह सभी को अपने में मिलाना और गंगा बना देना। लोक-कल्याण और आनंद दो अलग नाम हैं परन्तु तत्त्वतः दोनों एक हैं, दोनों का मूल प्रयोजन है – लोक के साथ जीना, लोक-चिंता के साथ जीना।
अपने हृदय को लोक के हृदय में मिला देना ही “रस दशा” है। इसका अर्थ है हृदय की मुक्तावस्था, भावयोग दशा, साधारणीकरण या समष्टिभावना का आनंद। हिन्दी काव्यशास्त्र का प्रयोजन इसी हिन्दुस्तानी लय से ओत-प्रोत है।
निष्कर्षतः हम कह सकते हैं कि काव्य का प्रयोजन है लोकमंगल भावना अर्थात्‌ मनुष्यता का विकास। जिसमें मानव के प्रति गहरे सामाजिक सरोकार हों। रचनाकार मानवता के प्रति करुणा और सहानुभूति की चेतना का विस्तार कर अपने-पराए की भेद-बुद्धि को मिटाता है और मानवतावाद की दृष्टि का प्रचार करता है। लोकजागरण और लोक-कल्याण ही जीवन का सत्य  है, शिव है, सुन्दर है। और यही है साहित्य का प्रयोजन!